Movie prime

सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर! कांग्रेस की योजना पर बीजेपी का हमला, कहा- महिलाओं का अपमान

बिहार में चुनावी साल के दौरान कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को साधने की कोशिश करते हुए ‘माई-बहन मान योजना’ की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्य की 5 लाख जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड बांटे जाएंगे। पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर और ₹2500 प्रति माह सम्मान राशि का वादा भी छपा है।
 

कांग्रेस की नई पहल: महिलाओं को मिलेगा सेनेटरी पैड और ₹2500 प्रति माह सम्मान राशि का वादा

'माई-बहन मान योजना' के तहत 5 लाख महिलाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर पर बीजेपी ने जताई आपत्ति

बीजेपी बोली- महिलाओं का अपमान कर रही है कांग्रेस

5 लाख महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड
बिहार में चुनाव होने वाला है और सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीतियों में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने एक नया सामाजिक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि पार्टी राज्य की 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड बांटेगी।

सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर 
इस योजना का नाम 'माई-बहन मान योजना' रखा गया है। खास बात यह है कि इन सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर लगी हुई है। साथ ही उस पर लिखा है - "जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान राशि ₹2500 प्रति माह"। इसके साथ ही राजेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं की सेहत को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा, बिहार में महिलाओं के लिए हमने विशेष तैयारी की है। महिला कांग्रेस द्वारा एक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके जरिए हर महिला तक सेनेटरी पैड पहुंचाया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि 5 लाख महिलाओं तक यह सुविधा पहुंचाई जाए। इसके साथ उन्होंने यह भी बताया कि महिला कांग्रेस जरूरतमंद महिलाओं के बीच जाकर उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जानकारी भी प्रदान किया जाएगा। 

बीजेपी का विरोध
इस घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ऐतराज जताया है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि "सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर लगाना बिहार की महिलाओं का अपमान करना हुआ। कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी मानसिकता को दर्शा रही है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस इस योजना के बहाने महिलाओं को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रही है और जनता इसे माफ नहीं करेगी।

राजनीतिक बयानबाज़ी तेज
इस योजना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। जहां कांग्रेस इसे महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य से जुड़ी पहल बता रही है, वहीं बीजेपी इसे एक राजनीतिक स्टंट और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ़ बता रही है।