भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के मौत के मामले में सिंगर समर सिंह पर मामला हुआ दर्ज

वाराणसी में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है. इस मामले में परिवार के लोगों ने इंडस्ट्री के कुछ बड़े नामों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इसमें आकांक्षा दुबे के नजदीकी भोजपुरी सिंगर समेत उनके भाई संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तहरीर पर सारनाथ थाने में भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
भोजपुरी एक्ट्रेस की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने के पुलिस को बताया है कि उनकी बेटी के मौत के पीछे की वजह भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह हैं. भोजपुरी अदाकारा की मां का कहना है कि इन दोनों ने ही उनकी बेटी को उसकाया है जिसके कारण उसने ऐसा खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस ने एक्ट्रेस की मां के बयान पर इन दोनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
एक्ट्रेस की मां मधु दुबे ने बताया कि 21 तारीख को समर सिंह के भाई संजय सिंह ने आकांक्षा दुबे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बारे में आकांक्षा दुबे ने खुद उनको फोन से इसकी जानकारी दी थी. आकांक्षा दुबे की मां ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरी लड़की अपने से सुसाइड नहीं कर सकती. उसे समर सिंह और उनके भाई ने मिलकर मार डाला है. यदि मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं अपनी जान दे दूंगी. मेरा सहारा इन लोगों ने खत्म कर दिया. इतना ही नहीं आकांक्षा दुबे के परिजनों ने काम के बदले पैसे ना दिए जाने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने दूसरे के साथ काम करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.