गर्मी की छुट्टी में सस्ते में घूमें पटना,राजगीर और बोधगया, पर्यटन विकास निगम का टूर पैकेज

आप अगर गर्मी की छुट्टियों में बिहार में घुमने का प्लान बना रहे तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। पर्यटन विकास निगम की तरफ से एक टूर पैकेज निकाला गया है। जिसमें पटना के टूरिस्ट स्थलों के साथ पावपुरी, ककोलत, नालंदा, राजगीर एवं बोधगया जैसे ऐतिहासिक, धार्मिक और मनमोहक स्थलों की सैर भी कम खर्च में कर सकते हैं। इस टूर पैकेज में आपको घूमने के साथ ही खाने-पीने की भी सुविधा मिलेगी।
आप बिहार के विभिन्न पर्यटन स्थलों की अपने दोस्तों और परिवार के साथ सैर कर सकते हैं। पर्यटन विकास निगम ने एक दिन का टूर पैकेज निकाला है। भ्रमण के लिए पर्यटकों को एसी गाड़ी की सुविधा मिलेगी। उन्हें नाश्ता और लंच के साथ शाम का स्नेक्स भी दिया जाएगा। इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर भ्रमण के लिए सैलानियों को अलग से टिकट का पैसा भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। इस टूर पैकेज में गाइड की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

यह टूर पैकेज छुट्टी के दिन के साथ शनिवार और रविवार के लिए है। पैकेज की बुकिंग में सारी सुविधाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे में सैलानियों का अलग से पैसा नहीं लगेगा। इस टूर पैकेज की बुकिंग शुरू हो गई है। इच्छुक पर्यटक 9334312428, 9801693189, 9905653597 पर संपर्क कर बुकिंग करा सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक बिहार पर्यटन विकास निगम की ओर से इस टूर पैकेज में एक दिन के अंदर सभी प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराकर लाया जाएगा। यात्रियों का सफर ट्रैवलर गाड़ी से होगा। यह पूरी तरह वातानुकूलित 15 से 25 सीटर की आरामदायक गाड़ी है। इनमें सैलानियों सफर में थकान कम होगी और गर्मी का एहसास भी नहीं होगा। बिहार पर्यटन विकास निगम कार्यालय से सुबह सात बजे गाड़ी खुलेगी और देर शाम आठ बजे तक भ्रमण कराकर वापस निगम कार्यालय छोड़ा जाएगा।
ट्रैवलर में 10 सैलानियों को एक साथ ले जाया जाएगा। इससे कम बुकिंग पर पैकेज की सुविधा नहीं मिलेगी। सभी भ्रमण स्थलों के लिए शुल्क प्रति व्यक्ति अलग-अलग है। पटना पावापुरी ककोलत के लिए 2700 रुपये, पटना दर्शन के लिए 2700 रुपये, पटना-नालंदा-राजगीर के लिए 3500 रुपये और पटना बोधगया के लिए 2600 रुपये लगेंगे।