Gopal Khemka Murder Case: अब नार्को टेस्ट की बारी, मास्टरमाइंड अशोक साव की साजिश से उठे कई परदे

Patna: राजधानी पटना में चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या की गूंज अभी थमी नहीं है। मामला जितना साफ लग रहा था, अब उतना ही उलझता दिख रहा है। पुलिस ने मास्टरमाइंड अशोक साव और शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन अब इस केस की परतें नार्को टेस्ट के जरिए खोली जाएंगी।
पटना पुलिस ने हाल ही में अपराध स्थल का रीक्रिएशन कराया और तमाम तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। इस बीच हथियार सप्लायर के कथित तौर पर एनकाउंटर में मारे जाने की खबर ने केस को और भी सनसनीखेज बना दिया है।
अशोक साव की चालाकी बेनकाब
मास्टरमाइंड अशोक साव शुरुआत में खुद को निर्दोष बताता रहा। लेकिन पुलिस जब कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन की तह में गई तो कहानी बदल गई। जिस रात कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या हुई, उस वक्त अशोक साव गांधी मैदान इलाके में ही मौजूद था। वही इलाका जहां पर खेमका की जान ली गई। वहीं शूटर उमेश यादव ने पूछताछ में कबूल किया कि उसे अशोक साव ने ही सुपारी दी थी। उसने साफ कहा, गोपाल खेमका को मैंने ही गोली मारी है।

हत्या की जड़ में जमीन विवाद
इस हत्या के पीछे पुराना ज़मीन विवाद सामने आया है। पूछताछ में अशोक साव ने बताया कि गोपाल खेमका के साथ उसका तीन-चार ज़मीनों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक बड़ा सौदा भी अधर में लटका हुआ था, जिससे अशोक साव को लग रहा था कि वह घाटे में है। पुलिस का दावा है कि इसी नाराज़गी ने उसे हत्या की ओर धकेला। जांच में कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं जो इस साज़िश में शामिल हो सकते हैं या इसमें मदद कर सकते हैं।
इनकी गिरफ्तारी जल्द होने की उम्मीद जताई जा रही है।
घात लगाकर किया गया हमला
घटना की रात करीब 12 बजे, गोपाल खेमका अपने अपार्टमेंट लौटे ही थे। जैसे ही उनकी कार गेट के पास रुकी, पहले से घात लगाए बैठे शूटर ने उन्हें कार में ही गोली मार दी। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी फुटेज से घटना की पुष्टि हुई।
पुलिस की अगली चाल
अब जब दोनों मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, नार्को टेस्ट के जरिए उनके मन में दबी संभावित साजिशें उजागर की जाएंगी। पुलिस इस टेस्ट के जरिए यह जानना चाहती है कि:
- क्या इस हत्या में कोई और बड़ी फंडिंग या साजिशकर्ता शामिल है?
- क्या गोपाल खेमका की हत्या के पीछे एक से अधिक वजहें थीं?
- और कितने लोगों ने इस मर्डर की तैयारी में मदद की?