Movie prime

सासाराम में दुष्कर्म का शिकार हुयी झारखंड की 13 वर्षीय बच्ची, साक्ष्य छिपाने के लिये शव को दफनाया

बिहार के सासाराम की ईंट भट्ठा में काम करने वाली 13 वर्षीय आदिम जनजाति की लड़की के दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला प्रकाश में आया है। मृतक पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र की निवासी थी। हालांकि उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को बिहार के सासाराम इलाके में अंजाम दिया गया। आरोपियों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद, शव को पलामू के रामगढ़ में दफ़न कर दिया। 

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला। साथ ही मानव तस्करी के ठेकेदार और बिहार के सासाराम के एक ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी ईंट भट्ठा मालिक और ठेकेदार को गिरफ्तार करने के लिए पलामू पुलिस की एक टीम बिहार के सासाराम के लिए रवाना हो गई है।

प्राथमिकी के मुताबिक, पीड़िता आठ महीने पहले मानव तस्करी की शिकार हुई थी। पीड़िता के पिता इस दुनिया में नहीं हैं, जबकि उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली है। उसी गांव के एक ठेकेदार ने पीड़िता को पैसे का लालच देकर बिहार के सासाराम में ईंट भट्ठा पर काम करने के लिए ले गया था। पीड़िता की मां बुधवार की देर शाम रामगढ़ थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पीड़िता के शव को कब्र से बाहर निकाला शव को कब्र से बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।