Movie prime

चंपाई सरकार कल करेगी मंत्रिमंडल विस्तार, जानें कितने बजे होगा शपथ ग्रहण

झामुमो और कांग्रेस के मंत्रियों के नाम तय हो चुके हैं। साथ ही चंपाई सरकार के मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को भी शामिल होने की भी चर्चा है।

झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सरकार कल मंत्रिमंडल विस्तार करेगी। गौरतलब है कि, 2 फरवरी को चंपाई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं चंपाई सोरेन के साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम और राजद के सत्यानंद भोक्ता ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में हुई देरी का कारण कांग्रेस है। दरअसल, कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रिपद के नामों पर मंथन हेतु समय मांगा था। हालांकि अब झामुमो और कांग्रेस के मंत्रियों के नाम तय हो चुके हैं। साथ ही चंपाई सरकार के मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को भी शामिल होने की भी चर्चा है। कल सभी मंत्री राजभवन के बिरसा मंडप में दोपहर 2:30 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। 

गौरतलब है कि 9 फरवरी से मुख्यमंत्री काफी व्यस्त होने वाले हैं। उनके पास समय का काफी अभाव होने वाला है। दरअसल वह पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की छोड़े हुए अधूरा काम और उनके ड्रीम प्रोजेक्ट यानि अबुआ आवास योजना पर काम करने वाले हैं। वह लाभुकों के बीच अबुआ आवास का स्वीकृति पत्र बांटने का काम शुरू करने वाले हैं। ऐसा वह 17 फरवरी तक करेंगे।

इन विधायकों ने किया मंत्रिपद का दावा
गौरतलब है कि सत्ताधारी दल में शामिल कई विधायकों ने मंत्रिपद पर अपना-अपना दावा किया है। कांग्रेस के इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला ने मंत्रिपद पर दावा किया। विधानसभा में पत्रकारों से मुखातिब उमाशंकर अकेला ने कहा कि मेरा राजनीतिक करियर 45 साल का है। 2 बार से विधायक हूं। मुझे मंत्रिपद मिलना चाहिए। वहीं, इरफान अंसारी ने कहा कि मैं 2 बार से विधायक हूं और डॉक्टर भी हूं। इस बीच कांग्रेस कोटे से मंत्रिपद के लिए दीपिका पांडेय सिंह के नाम की सर्वाधिक चर्चा है।