झारखंड पुलिस में होगी पूर्व सैनिकों की बहाली, 639 पदों पर होगी अस्थाई नियुक्ति

झारखंड में नक्सल विरोधी अभियानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत राज्य में जेल, औद्योगिक इकाइयों और थाना परिसरों की सुरक्षा के मद्देनज़र 639 पदों पर भूतपूर्व सैनिकों की अनुबंध के आधार पर भर्ती की जाएगी।
नए सशस्त्र बल की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विशेष सशस्त्र पुलिस (सैप) की दो नई वाहिनियों का गठन किया गया है। इनमें से एक वाहिनी रांची के टाटीसिलवे में और दूसरी जमशेदपुर के हलुदबनी में स्थापित की गई है। इन वाहिनियों में भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों को विशेष पुलिस पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इसमें सूबेदार, मेजर, नायक, हवलदार, सिपाही, चालक, लिपिक और रसोइयों की अस्थायी नियुक्ति होगी। भूतपूर्व सैनिकों की यह भर्ती झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप-1), डोरंडा में आयोजित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 28, 29 और 30 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

कौन-कौन से पदों पर होगी नियुक्ति?
-सूबेदार मेजर – 02 पद
-नायब सूबेदार (सामान्य) – 10 पद
-नायब सूबेदार (तकनीकी) – 03 पद
-नायब सूबेदार (वितंतु) – 17 पद
-हवलदार (सामान्य) – 124 पद
-हवलदार (चालक) – 08 पद
-सिपाही (सामान्य) – 438 पद
-सिपाही (चालक) – 23 पद
-रसोइया – 14 पद
-कुल पद – 639
झारखंड पुलिस के इस कदम से राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी, साथ ही पूर्व सैनिकों को रोजगार का अवसर भी मिलेगा।