Movie prime

मनरेगा कर्मचारियों ने झामुमो कार्यालय का किया घेराव, जानें क्या है मामला

झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ ने 'वादा निभाओ, स्थाई करो' मुहिम के तहत अपनी मांगों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय का घेराव किया। इस प्रदर्शन में राज्य भर के मनरेगा कर्मचारी उपस्थित थे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जॉन पीटर बागे ने कार्यालय के गेट पर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन की शुरुआत की। देखते ही देखते सभी कर्मचारी जमीन पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए 'वादा निभाओ, स्थाई करो' के नारे लगाए।

जल्द ही, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय पदाधिकारियों ने संघ को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। पार्टी की ओर से बिनोद पांडेय और सुप्रीयो भट्टाचार्या ने संघ के साथ बातचीत की। वार्ता के दौरान, पार्टी पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों को राज्य के मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

आज के कार्यक्रम में संजय प्रामाणिक, पंकज सिंह, देवेंद्र उपाध्याय, मो इम्तियाज, नन्हे परवेज, लतीफ अंसारी, शिव देव लोहरा, सुमन गांगुली, यासीन अंसारी, मंजीत सिंह, सुराई हेम्ब्रम, व्यास देव सहित सैकड़ों मनरेगा कर्मचारी शामिल हुए।