Movie prime

सुरक्षाबलों के नक्सल विरोधी अभियानों से बौखलाये नक्सलियों ने 10 जुलाई को कोल्हान बंद का किया आह्वान

नक्सली घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा कोल्हान और सारंडा जंगलों में लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के खिलाफ नक्सलियों ने 10 जुलाई को पूरे कोल्हान प्रमंडल में बंद का आह्वान किया है। बंद को सफल बनाने के लिए नक्सलियों ने पोस्टरबाजी शुरू कर दी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। 

पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में 9 जुलाई को चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग के रंगामाटी क्षेत्र में माओवादियों ने पोस्टर और बैनर लगाए हैं। इन पोस्टरों में धमकी भरे शब्दों में लिखा है, "मार का बदला मार है, खून का बदला खून।" पोस्टर में दक्षिण जोनल कमेटी भाकपा माओवादी का नाम लिखा है और नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षाबलों के अभियानों का विरोध किया है। 

गौरतलब है कि सारंडा जंगल और कोल्हान में सुरक्षाबल के जवान लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इस दौरान सुरक्षाबलों ने कई नक्सल घटनाओं पर काबू पाया है। कुछ दिनों पहले ही सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली थी जब उन्होंने मुठभेड़ में नक्सलियों के कई बंकर ध्वस्त किए थे और विस्फोटक सामग्री तथा हथियार जब्त किए थे। इस अभियान में छह नक्सलियों को भी मारा गया था। यही वजह है कि नक्सलियों ने 10 जुलाई को कोल्हान प्रमंडल में बंद का आह्वान किया है।