Movie prime

शादी के 15 दिन बाद नवविवाहिता ने की आत्म*हत्या, परिजनों ने लगाया ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कागलनगर में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को हुई इस घटना में 23 वर्षीय रीता महतो की मौत के बाद ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया गया है।

रीता महतो की शादी 29 अप्रैल, 2025 को सोनारी के कागलनगर निवासी चंदन महतो से हुई थी। महज 15 दिन बाद ही रीता की आत्महत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। मृतका के गम्हरिया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर स्थित मायके पक्ष ने सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पति, सास और ससुर को आरोपित बनाया है।

रीता के भाई शंभू महतो ने दावा किया है कि उनकी बहन को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष द्वारा बाइक की मांग की जा रही थी, जिसकी बुकिंग उन्होंने करा दी थी। लेकिन इससे पहले ही रीता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शंभू का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि योजनाबद्ध हत्या है।

बताया जा रहा है कि रीता और चंदन के बीच तीन साल से प्रेम संबंध था, और परिवार की सहमति से उनकी शादी कराई गई थी। शादी के तुरंत बाद दोनों हनीमून पर दार्जिलिंग गए थे। वापसी के बाद रीता कुछ दिन मायके रही और फिर 12 मई को अपने ससुराल लौटी थी।

गुरुवार की शाम रीता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के वक्त चंदन महतो अपने कार्यस्थल पर थे।

इधर, पति चंदन महतो ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि रीता मानसिक रूप से परेशान थी। उन्होंने बताया कि हनीमून के दौरान रीता के फोन में उन्हें किसी अन्य युवक के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें मिली थीं, जिसे लेकर दोनों के बीच बहस भी हुई थी। इसके बाद रीता नाराज होकर मायके चली गई थी। चंदन ने बताया कि घटना से पहले भी रीता के मोबाइल में कुछ ऐसी बातें थीं, जो दर्शा रही थीं कि वह तनाव में थी।

फिलहाल पुलिस ने मृतका के पिता वैद्यनाथ महतो के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंदन महतो, सास सावित्री महतो और ससुर देवेन महतो को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।