Movie prime

रांची : बिल्डर ने खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

राजधानी रांची के हिनू में आज सुबह एक बिल्डर ने खुद को गोली मार ली। मृतक की पहचान नीरज सहाय के रूप में हुई है। गोली की आवाज़ सुन कर आसपास के लोग वहां पहुंचे। परिजनों ने नीरज को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां नीरज ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँच कर मामले की जांच कर रही है। 

नीरज सहाय ने खुद को क्यों गोली मारी है, इसका कारण नहीं पता चल पाया है। हालांकि कयास लगाए जा रहे हैं कि, कारोबार में नुकसान की वजह से नीरज ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में सिटी एसपी ने बताया कि बिल्डर ने खुद को गोली मार ली। पूरे मामले की जांच हो रही है। जांच के बाद ही कुछ पता चल पाएगा।

 क्या है मामला 
थाना प्रभारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे नीरज सहाय ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या कर ली। परिवार के लोग दौड़कर आए लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने मामले की जानकारी डोरंडा थाने को दी। जब पुलिस ने दरवाजा खोला तो कमरे में नीरज सहाय मृत पड़े थे और उनकी लाइसेंसी पिस्तौल उनके हाथ में थी। नीरज सहाय के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि बुधवार रात तक सब कुछ ठीक था। नीरज कहीं से भी तनावग्रस्त नहीं लग रहे थे। इसके बावजूद सुबह उन्होंने आत्महत्या क्यों कर ली, यह समझ से परे है।