Movie prime

रांची : जिस्मफरोशी के काले खेल का भंडाफोड़, बंगाल और बांग्लादेश से बुलाई जाती थी लड़कियां

राजधानी रांची स्थित कई होटलों में देह-व्यापार के रैकेट का खुलासा हुआ है। रांची एसएसपी चंदन सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची में बड़े पैमाने पर देह-व्यापार रैकेट चलाया जा रहा है। वहीं मोटी रकम कमाने के लिए देश के अलावा विदेश से भी लड़कियां लायी गयी हैं। साथ बुकिंग के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी चंदन सिन्हा ने एक स्पेशल टीम का गठन किया। इस टीम में सदर, बरियातू समेत शहर के दूसरे पुलिस थानों की टीम को भी शामिल किया गया। स्पेशल टीम की छापेमारी में सदर थाना क्षेत्र से 10 और बरियातू थाना क्षेत्र से 2 लड़कियां पकड़ी गयीं। ये लड़कियां बंगाल और बांग्लादेश से देह व्यापार के लिए बुलाई गयी थी।

रांची एसएसपी की क्यूआरटी ने तीन अलग-अलग होटलों में एक साथ छापेमारी कर एक दर्जन लड़कियों और छह लड़कों को पकड़ा है। छापेमारी के दौरान ये सभी लड़कियां और लड़के आपत्तिजनक अवस्था में थे। पकड़े गए सभी लड़कियों और लड़कों से पूछताछ की जा रही है। होटल के कमरों से कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी पुलिस ने जब्त की हैं। पकड़ी गई लड़कियों ने बताया है कि वे बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। वे देह व्यापार का धंधा करती हैं। मोटी रकम देकर उन्हें रांची लाया जाता है। ग्राहकों को उनकी तस्वीरें भेजी जाती हैं। फिर पसंद करने के बाद ग्राहक को होटल में कमरे बुक करने को कहा जाता है। कमरों की बुकिंग ऑनलाइन ही की जाती है। पुलिस अब पकड़ी गई लड़कियों से उन्हें लाने वाले दलालों और होटल संचालक की भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है।

स्टेशन रोड में पहले आ चुके हैं कई मामले
शहर के अन्य इलाकों में भी देह व्यापार का धंधा होता पकड़ा गया है। स्टेशन रोड में पुलिस कई बार कार्रवाई कर कुछ होटलों से युवक-युवतियों को पकड़ चुकी है। उस समय पूछताछ में यह खुलासा हुआ था कि रेलवे स्टेशन होने के कारण बाहर से आकर होटलों में ठहरने वालों को डिमांड करने पर लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं। बदले में मोटी रकम वसूली जाती थी।

हर हफ्ते बदलती हैं लड़कियां, किराए के मकान में ठहराते हैं दलाल
देह व्यापार के इस खुलासे के बाद पुलिस उन होटलों के कर्मचारियों और लड़कियों को लाने में भूमिका निभाने वाले दलालों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। पुलिस को पकड़ी गई लड़कियों ने बताया कि उन्हें रांची लाने वाले दलाल हैं। उन्हें रांची में दिन के हिसाब से पेमेंट होता है। एक लड़की एक सप्ताह या दो सप्ताह के लिए आती है। फिर वापस चली जाती है। दलाल हर हफ्ते लड़कियों को बदल-बदल कर रांची लाते हैं। उन्हें रांची में किराए के फ्लैट लेकर ठहराया जाता है। वापसी के समय उन्हें दलाल एक साथ तय रकम देते हैं।

दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई: एसएसपी
रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा ने कहा कि तीन टीमों ने एक साथ छापेमारी की है, जिसमें कई लोग पकड़े गए हैं। उनसे पूछताछ चल रही है। पूछताछ के बाद पूरे रैकेट को चलाने में शामिल दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। होटल में कैसे अनैतिक कारोबार चल रहा था और कौन लोग इसमें शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।