Ranchi : बदलने लगा मौसम का मिजाज, राज्य के इन हिस्सों में छाये रहेंगे बादल, तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट

राज्य में मौसम का मिजाज बदलने लगा। वहीं अब सुबह-शाम ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह हल्की धुंध तो दिन में तेज धूप खिली होती है। मौसम विभाग के मुताबिक आने-वाले पांच दिनों में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। वहीं राज्य में कहीं-कहीं बादल छाये रह सकते है। इन जगहों पर हल्की बूंदा-बांदी की भी उम्मीद है। वैसे रांची में आज मौसम साफ रहेगा। रांची IMD ने उत्तर से आ रही हवाओं से ठंड बढ़ने की उम्मीद जतायी है। आज से नवंबर का महीना शुरू हो गया है। इस महीने में ठंड के तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट जारी है। रांची सरायकेला, चाईबासा और जमशेदपुर में आज मौसम साफ रहेगा।
इसमें मुख्य रूप से राज्य के पूर्वी हिस्से शामिल हैं। जहां दिन के समय बादल छाये रहेंगे। जिससे इन हिस्सों में धूप की कमी देखी जायेगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से इस संबध में जानकारी दी गयी है। जिसमें बताया गया है कि 1 और 2 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे। इसमें दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, जमशेदपुर, सरायकेला खरसावां समेत अन्य जिले शामिल हैं। संभावना है कि इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अन्य हिस्सों में सुबह के समय धुंध और दिन में धूप का प्रभाव देखने को मिलेगा।
तापमान की बात करें तो आने वाले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी। बादल छाये रहने के कारण सुबह और शाम के वक्त ठंड का असर अधिक महसूस किया जायेगा। इस दौरान तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जायेगी। विभाग की मानें तो 7 नवंबर तक तापमान में कमी महसूस की जायेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं न्यनूतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
किस जिले का मौसम कैसा
धनबाद में 1 नवंबर को आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे। मौसम विभाग ने तापमान में कमी आने व ठंड का अहसास होने की संभावना जतायी है। वहीं दिन में धूप व बादल रहने का अनुमान है। बोकारो में मौसम विभाग के अनुसार 1 नवंबर को आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में बुधवार को आसमान साफ रहेगा। पलामू और लातेहार में अधिकतम तापमान में गिरावट व न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। अधिकतम तापमान में 0।3 डिग्री सेल्सियस की कमी और न्यूनतम तापमान में 2।0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। चतरा, पलामू, गोड्डा में बुधवार को आसमान साफ रहेगा। धूप खिली हुई रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा।