राज्य सरकार ने होली से पहले महिलाओं को दिया तोहफा, लाभुकों के खाते में एक साथ पहुंची तीन महीने की राशि

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत होली से पहले लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि भेजी गई है। इस बार सरकार ने लाभुकों को तीन महीने की राशि एक साथ प्रदान की है, जिससे प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 7500 रुपये स्थानांतरित किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि जिले में कुल 3,08,280 महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया गया है।
डीसी ने बताया कि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 231 करोड़ 18 लाख 72 हजार 500 रुपये भेजे गए हैं। यह राशि जनवरी, फरवरी और मार्च महीने की सम्मान राशि के रूप में ट्रांसफर की गई है। वहीं, कुछ लाभार्थी ऐसे भी हैं जिनके आवेदन फरवरी माह में स्वीकृत हुए थे, उन्हें भी यह राशि प्रदान की गई है।
