पांच साल बाद फिर शुरू हो रही कैलाश मानसरोवर यात्रा, कंप्यूटर ड्रा से चुने गए 750 यात्री

पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित यह पवित्र यात्रा जून 2025 से आरंभ होकर 25 अगस्त 2025 तक चलेगी। यात्रा की शुरुआत 30 जून से होगी। इस बार श्रद्धालु दो मार्गों – लिपुलेख और नाथू ला – के जरिए इस आध्यात्मिक सफर पर निकलेंगे।
यात्रा में लिपुलेख दर्रे से होकर 22 दिनों का सफर तय होगा, जबकि नाथू ला दर्रे से यात्रा की अवधि 21 दिन होगी। खास बात यह है कि दोनों रास्ते अब पूरी तरह मोटर योग्य बन चुके हैं, जिससे तीर्थयात्रियों को पैदल ट्रैकिंग बहुत कम करनी पड़ेगी।
इस बार यात्रा के लिए कुल 5561 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया, जिनमें 4024 पुरुष और 1537 महिलाएं थीं। कंप्यूटरीकृत ड्रा के जरिए 750 यात्रियों का निष्पक्ष चयन किया गया। प्रत्येक जत्थे में 2 दल नेता (एलओ) भी शामिल होंगे। लिपुलेख मार्ग से 50 यात्रियों के 5 बैच जाएंगे, जबकि नाथू ला मार्ग से 50 यात्रियों के 10 बैच भेजे जाएंगे।

चयनित यात्रियों को उनके चयन की सूचना एसएमएस और ईमेल के जरिए दी जा रही है। इच्छुक यात्री अपनी चयन स्थिति की जानकारी यात्रा वेबसाइट पर जाकर या हेल्पलाइन नंबर 011-23088133 पर संपर्क करके भी प्राप्त कर सकते हैं।
विदेश राज्य मंत्री एवं पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने यात्रा के लिए नामित यात्रियों की घोषणा करते हुए बताया कि सरकार ने इस यात्रा को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि वे पूरी जिम्मेदारी, शालीनता और सावधानी के साथ यात्रा करें। साथ ही एक-दूसरे का सहयोग करें और प्रकृति एवं पर्यावरण की पवित्रता का ध्यान रखें।
सरकार की कोशिश है कि यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक अनुभव बने, बल्कि सुरक्षित और सुविधाजनक भी रहे। यात्रा मार्ग की पूरी जानकारी और अन्य आवश्यक निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।