बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने राजद का जताया आभार, कहा- थैंक्यू

एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी. वे देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी. काउंटिंग में मुर्मू ने विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को तीसरे राउंड में ही हरा दिया. वहीं राष्ट्रपति चुनाव में बिहार में भी क्रास वोटिंग हुई. द्रौपदी मुर्मू को अनुमान से 8 ज्यादा वोट मिले. इसको लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने उन 8 विधायकों का धन्यवाद किया.
संजय जायसवाल ने अपने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, राष्ट्रीय जनता दल के उन सभी 8 विधायकों को भी बहुत-बहुत आभार जिन्होंने यशवंत सिन्हा जी के आह्वान पर अपनी अंतरात्मा के कहने पर महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को वोट किया.
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव में भारत के 14 राज्यों में क्रॉस वोटिंग हुई है. जिसमें पांच राज्य एमपी, गुजरात, असम, झारखंड और यूपी में सबसे ज्यादा क्रॉस वोट पड़े है. सभी राज्यों में आदिवासी वोटर का अच्छा प्रभाव है. सबसे अधिक क्रॉस वोटिंग असम में हुई है। जहां 22 विधायकों ने एनडीए के प्रत्याशी को वोट दिया. एमपी में 19 विधायकों ने, महाराष्ट्र में 16 विधायकों ने, उत्तर प्रदेश में 12 विधायकों ने, झारखंड और गुजरात में 10-10 विधायकों ने, छत्तीसगढ़ में 6, बिहार में 8, राजस्थान में 5, गोवा में 4, हरियाणा में 1, हिमाचल प्रदेश में 2, मेघालय में 7 और अरुणाचल प्रदेश में एक क्रॉस वोटिंग हुई है कुल मिलाकर 14 राज्यों के 121 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग किया है.