Movie prime

जेल से बाहर निकले बाहुबली अनंत सिंह, 5 साल में पहली बार मिली पैरोल, बड़हिया माता मंदिर में करेगें पूजा अर्चना

 
लोकसभा चुनाव के बीच मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह रविवार सुबह पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। उन्हें 15 दिन की पैरोल मिली है। बेऊर जेल अधीक्षक जीतेंद्र कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गृह विभाग से मिले आदेश की कॉपी जेल प्रशासन के पास पहुंच गई थी। जेल के बाहर उनके समर्थकों की भारी संख्या में भीड़ मौजूद रही।
जेल के बाहर आने पर अनंत सिंह का समर्थकों ने स्वागत किया है। बड़ी संख्या में उनके समर्थक पहुंचे और जेसीबी से फूलों की बारिश की। समर्थक शेरे बिहार जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। पटना से लेकर मोकामा के बीच भी कई जगहों पर स्वागत किया गया
बता दें कि मुंगेर लोकसभा सीट पर 13 मई को होने वाली वोटिंग से पहले अनंत सिंह जेल से बाहर आए हैं। ऐसे वक्त में उनका जेल से बाहर आना बेहद अहम माना जा रहा है। अनंत सिंह एके-47 केस में मौजूदा वक्त में पटना की बेऊर जेल में सजा काट रहे हैं।
 5 साल में पहली बार उन्हें पैरोल मिली है। अनंत सिंह के बाहर आने के दौरान जेल के बाहर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह वर्तमान में मोकामा से विधायक हैं और फिलहाल एनडीए के साथ हैं।
अनंत सिंह को उनके इलाके में लोग छोटे सरकार के नाम से जानते हैं। वो कभी नीतीश कुमार के बेहद खास हुआ करते थे। बाद में राजनीतिक कारणों से सीएम से दूर होते चले गए और लालू यादव के करीबी हो गए लेकिन अब एक बार फिर अनंत सिंह एनडीए के पाले में हैं। माना जा रहा है कि अनंत सिंह भले ही खुले तौर पर चुनाव प्रचार ना भी करें, तब भी वह अपने स्तर से जेडीयू के लोकसभा उम्मीदवार और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को फायदा पहुंचा सकते हैं। मुंगेर में चौथे चरण में वोटिंग होनी है।
अनंत सिंह मोकामा 5 बार विधायक रह चुके हैं। उन्हें छोटे सरकार के नाम से भी जाना जाता है। 2005 में विधानसभा चुनाव से अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। अनंत सिंह किसी जमाने में सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीबी थे। लेकिन बाद में संबंधों में खटास आ गई। अब जदयू से दुबारा संबंध ठीक हो गया है। यही वजह है कि उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद कोटे से मोकामा से विधायक है, जो हाल में जदयू के साथ आ गई है।