Movie prime

चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक मोड़: यूट्यूबर मनीष कश्यप ने भाजपा छोड़ी, जन सुराज में हुए शामिल

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने भाजपा को छोड़कर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है। जन सुराज ने मनीष कश्यप की पार्टी में एंट्री की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी साझा की हैं। मनीष ने बिहार में बदलाव का आह्वान करते हुए भावुक संदेश दिया है।
 

Bihar: बिहार में विधानसभा चुनाव नज़दीक आते ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अब यूट्यूब के ज़रिए अपनी पहचान बना चुके मनीष कश्यप ने राजनीतिक मंच पर अपनी नई पारी की शुरुआत की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अलविदा कहकर अब जन सुराज पार्टी जॉइन कर ली है, जिसकी अगुवाई चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर पुष्टि

जन सुराज पार्टी ने अपने 'X' (पहले ट्विटर) हैंडल से मनीष कश्यप और प्रशांत किशोर की साझा तस्वीरें पोस्ट की हैं। इसके साथ ही लिखा गया कि मनीष कश्यप अब पार्टी का हिस्सा बन गए हैं। तस्वीरों में दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से मुलाकात होती दिख रही है।

मनीष कश्यप का बयान:

मनीष कश्यप ने जन सुराज पार्टी में शामिल होते ही कहा "बिहार की हकीकत आज हर कोई जानता है। यहां कोई सुरक्षित नहीं है। अगर बिहार को सही दिशा में ले जाना है, तो जन सुराज की सरकार बनानी होगी।"

इससे पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म "एक्स" पर पोस्ट करते लिखा है:

"बुझी हुई आश जलायेंगे हम,
घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम,
पलायन का दर्द मिटाएंगे हम,
फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।"

राजनीतिक समीकरणों पर असर

मनीष कश्यप की जन सुराज पार्टी में एंट्री को बिहार की युवा राजनीति में नया मोड़ माना जा रहा है। उनके पास सोशल मीडिया पर बड़ी फॉलोइंग है, जो जन सुराज को डिजिटल प्रचार में मज़बूती दे सकती है। वहीं भाजपा के लिए यह एक झटका हो सकता है, क्योंकि मनीष कश्यप पहले भाजपा समर्थक माने जाते थे।