Movie prime

बिहार में आज हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार, 2020 का ही रहेगा फार्मूला

 

बिहार में गुरुवार को नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है. हालांकि भाजपा की सूची पर शीर्ष नेतृत्व की मुहर के बाद ही संख्या तय होगी कि कितने और कौन-कौन मंत्री बनेंगे। वैसे फिलहाल मंत्रिमंडल में जदयू और भाजपा के लगभग डेढ़ दर्जन विधायकों को शामिल किये जाने की सूचना है। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में शाम के पांच बजे हो सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सरकार के स्तर पर तैयारी कर ली गई है। इस बीच सूत्रों से जो खबर मिल रही है उसके अनुसार जेडीयू कोटे से सुनील कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, अशोक चौधरी, रत्नेश सदा, जमा खान और मदन सहनी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा महेश्वर हजारी भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. 

वहीं, खबर यह है कि संभावित मंत्रियों को लेकर जदयू ने अपनी सूची तैयार कर ली है। लेकिन भाजपा कोटे से संभावित मंत्रियों के नाम अभी तय नहीं हुए हैं। प्रदेश भाजपा इकाई ने आलाकमान को संभावित मंत्रियों की सूची भेज दी है। अब आज सुबह भाजपा आलाकमान के तरफ से मंजूरी मिलने के बाद मंत्रियों का नाम फाइनल हो सकता है। पार्टी नेताओं के अनुसार भाजपा आलकमान ने नामों पर आज सुबह-सुबह  मुहर लगा दी तो गुरुवार की शाम में ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।

लेकिन, आलाकमान के पास नाम नहीं आने पर शुक्रवार को शपथ ग्रहण होगा। अभी मंत्रिमंडल में शामिल 9 मंत्रियों के पास विभाग का अधिक बोझ है। जिसे देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला लिया गया है। कैबिनेट विस्तार में इस बात की चर्चा तेज है कि शाहनवाज हुसैन मंत्री नहीं बनेंगे। क्योंकि संजय झा राज्यसभा चले गये हैं वही शाहनवाज अब विधान पार्षद नहीं हैं। इसलिए उन्हें मंत्री नहीं बनाया जाएगा। वही नितिन नवीन, मंगल पांडेय को भाजपा के तरफ से मंत्री बनाया जा सकता है। 

उधर, भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी इस बार भी मंत्रियों का फॉर्मूला 2020 के आधार पर ही तय किया है। उस समय भाजपा कोटे के 16, जदयू से 12, हम से एक, वीआईपी से एक और एक निर्दलीय विधायक मंत्री थे। अभी सरकार में सीएम सहित नौ मंत्री हैं। इसमें जदयू से चार, भाजपा से तीन, हम से एक और एक निर्दलीय विधायक मंत्री हैं। चर्चा के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार के बावजूद आठ-दस पद खाली रह सकते हैं। लोकसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ और विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा।