Movie prime

सुबह- सुबह डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के आवास पर पहुंचे सीएम नीतीश, चूड़ा-दही भोज कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 

मकर संक्रांति के अवसर पर पटना का सियासी माहौल दही-चूड़ा भोज की महक से खुशनुमा हो गया। इस बार आयोजन की बागडोर संभाली बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भोज में सियासी गलियारों की कई नामचीन हस्तियां नजर आईं।

डिप्टी सीएम के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। भोज के दौरान सभी नेता एक ही टेबल पर मिल-बैठकर बातचीत करते नजर आए।मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन बिहार की राजनीतिक परंपरा का हिस्सा है, जो सियासी समीकरणों और संदेशों के लिहाज से खास माना जाता है। इस बार भोज में नीतीश और भाजपा नेताओं की एकजुटता ने अटकलों को और भी गरमा दिया है।

दरअसल, इस दही- चुडा पिछले दिनों बिहार में शुरू हुई सियासी अटकलों के बीच जदयू और भाजपा नेताओं के इस जुटान ने कई संदेश भी दिए हैं। वहीं भाजपा के तरफ से चूड़ा दही भोज को लेकर पार्टी कार्यालय और कई स्थानों पर पोस्टर लगाया गया है। 14 जनवरी को बीजेपी का चूड़ा दही भोज होगा।  जिसमें एनडीए के सभी घटक दल के नेताओं को बुलाया गया है। बीजेपी की ओर से पार्टी कार्यालय और विधानसभा अध्यक्ष से लेकर मंत्रियों के आवास के बाहर भी पोस्टर लगाया गया है। हालांकि, यह भोज भाजपा के नेता देंगे न कि पार्टी के तरफ से आधिकारिक रूप से भोज दिया जा रहा है। 

वहीं, जदयू के तरफ से रत्नेश सदा जो मद्य निषेध एवं निबंधन मंत्री हैं, उनके आवास पर 14 जनवरी को ही चूड़ा दही भोज का आयोजन किया गया है। ऐसे तो जदयू के तरफ से हमेशा वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पर भोज होता था। लेकिन पिछले कुछ सालों से वशिष्ठ नारायण सिंह स्वस्थ नहीं है। इसलिए पिछले साल भी मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर ही चूड़ा दही का भोज हुआ था। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महागठबंधन के कई नेता शामिल हुए थे।