Movie prime

नीतीश कुमार ने किया 'महिला संवाद कार्यक्रम' का शुभारंभ, 70 हजार जगहों पर होगा जागरूकता कार्यक्रम

 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को 'महिला संवाद कार्यक्रम' का शुभारंभ किया. बिहार के ग्रामीण विकास विभाग का यह कार्यक्रम है. 40 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया. आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर 'महिला संवाद कार्यक्रम' अहम माना जा रहा है. पूरे बिहार में यह कार्यक्रम लगभग दो महीने तक चलेगा. इस अभियान के तहत पहले दिन राज्य के 600 जगहों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह पहल आगामी 60 दिनों तक राज्य भर में चलती रहेगी। कुल 70,000 स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार महिलाओं के लिए काम कर रही है। बिहार में सरकारी नौकरियों में 35 फीसदी आरक्षण महिलाओं को मिला है। संवाद के माध्यम से समस्याओं को जानेंगे। रिपोर्ट के आधार पर उसे दूर करेंगे।

'महिला संवाद' के अभियान तहत करीब 2 करोड़ महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें 1.35 लाख से अधिक जीविका समूह की महिलाएं भाग लेंगी। सभी 38 जिलों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। पटना जिले में ही लगभग 1395 जगहों पर संवाद होंगे। हर दिन औसतन 1200 स्थानों पर सुबह और शाम में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

'महिला संवाद' का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना है। इसमें महिला सशक्तिकरण नीति 2015, आरक्षण, शराबबंदी, बाल विवाह, दहेज उन्मूलन, जीविका कार्यक्रम, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रा पोशाक योजना सहित अनेक योजनाएं सम्मिलित हैं।
 

News Hub