Movie prime

बिहार की 8 सीटों पर वोटिंग: राज्यपाल, लालू-राबड़ी ने डाला वोट

 

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण के लिए वोटिंग जारी है। लास्ट फेज में बिहार की 8 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। इस चरण में पटना की दो लोकसभा सीटों समेत आरा, नालंदा, जहानाबाद, काराकाट, सासाराम, और बक्सर की सीटों पर मतदान हो रहा है। यहां से कुल 134 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें मात्र 12 महिला उम्मीदवार हैं।

 

राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने पटना में राजभवन के पास वाले बूथ पर मतदान किया। इधर लालू यादव पत्नी राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी के साथ वोट डालने पटनासाहिब पहुंचे।

इस चरण में कई वीवीआईपी की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव और उपेंद्र कुशवाहा जैसे दिग्गज शामिल हैं। इनके अलावा लालू प्रसाद यादव की सबसे बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती अपनी पहली जीत के लिए तीसरी बार पाटलिपुत्र से संघर्ष कर रही हैं। भोजपुरी सुपर स्टार पवन सिंह पहली बार काराकाट से चुनाव मैदान में हैं।

 

आखिरी चरण की 8 सीटों पर कुल 1 करोड़ 62 लाख 4 हजार 594 वोटर्स हैं। इनमें मेल वोटर्स की संख्या 85 लाख 1 हजार 620 है। जबकि, फीमेल वोटर्स की संख्या 77 लाख 2 हजार 559 हैं। वहीं, यहां थर्ड जेंडर वोटर्स 415 हैं।