बक्सर सांसद ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री से की नारायणी गंगा हाई स्पीड कॉरिडोर की मांग

बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर पश्चिमी बिहार में नारायणी गंगा हाई स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के निर्माण की मांग की है।
बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित यह महत्वाकांक्षी परियोजना पश्चिमी बिहार के उत्तरी और दक्षिणी भागों को जोड़ेगी। इस कॉरिडोर के निर्माण से बक्सर, आरा, सासाराम सहित बिहार के करीब एक दर्जन जिलों में विकास को अभूतपूर्व गति मिलने की संभावना है।
प्रस्तावित मार्ग बगहा (NH-727A) से प्रारंभ होकर बेतिया, पतजिरवा, गोपालगंज, महाराजगंज, पश्चिम चम्पारण और रिविलगंज होते हुए आरा के पश्चिम से पातर तक जाएगा, जहां यह ग्रीनफील्ड पटना-आरा-सासाराम राजमार्ग (NH-119A) से जुड़ जाएगा।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण में पतजिरवा में गंडक नदी पर पहले से स्वीकृत नए पुल का उपयोग किया जाएगा, जिससे अतिरिक्त लागत से बचा जा सकेगा। साथ ही गंगा नदी पर रिविलगंज में एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा, जो आरा के पश्चिम से होकर गुजरेगा। यह नया पुल वर्तमान में आरा और छपरा के बीच गंगा पर स्थित कोइलवर पुल पर पड़ने वाले दबाव को कम करेगा।

वर्तमान में कोइलवर पुल (एमडीआर - कोइलवर-अबुरा दोरीगंज मार्ग) अत्यधिक व्यस्त रहता है। इस पुल से प्रतिदिन 5,000 से 6,000 बालू से लदे ट्रक गुजरते हैं, जिससे इस क्षेत्र में एक अतिरिक्त पुल की अत्यधिक आवश्यकता महसूस की जा रही है।
नया कॉरिडोर पूरे पश्चिमी बिहार में उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी में सुधार करेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा होगी, जिससे किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी।
इस परियोजना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह कॉरिडोर न केवल क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समग्र विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना पर सकारात्मक निर्णय लेगी।