Movie prime

बिहार की बेटी ने रचा इतिहास, थाईलैंड में 'ऑपरेशन सिंदूर' का परचम लहराने वाली अनामिका बनी देश की शान

बिहार की बहादुर बेटी अनामिका शर्मा ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। महज 21 वर्ष की उम्र में वह भारत की सबसे युवा स्काई डाइवर बनकर सामने आई हैं। अनामिका ने 5 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 12,000 फीट की ऊंचाई से साहसिक छलांग लगाई और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ध्वज फहराया।

इस अद्भुत उपलब्धि के साथ उन्होंने न सिर्फ अपने राज्य, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। यह साहसिक कार्य उन्होंने उस विशेष ऑपरेशन की स्मृति में किया, जो पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाया गया था।

अनामिका का पारिवारिक जुड़ाव देशभक्ति से गहराई से जुड़ा है। उनके पिता अजय कुमार शर्मा भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं और फिलहाल परिवार संग उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रहते हैं। अनामिका की जड़ें बिहार के जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड के कनौली गांव से जुड़ी हैं, जहां उनके दादा आज भी रहते हैं।

यह पहली बार नहीं है जब अनामिका ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का झंडा बुलंद किया हो। इससे पूर्व भी उन्होंने बैंकॉक में कुंभ ध्वज फहराकर देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया था।

अनामिका के पिता का मानना है कि कठिन संघर्ष ही सफलता की कुंजी है। एक छोटे से गांव से निकलकर उनकी बेटी आज अंतरराष्ट्रीय पहचान बना रही है। उनकी इस सफलता से पूरे गांव में उत्साह और गर्व का माहौल है।