चिराग पासवान की इफ्तार पार्टी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पहुंचे, राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही ये पार्टी

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया है। यह आयोजन उनकी पार्टी कार्यालय में हुआ है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पहुंच चुके हैं। चिराग पासवान भी मौजूद हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में कांग्रेस के बाद 15 साल राजद की सरकार रही। जिन लोगों ने मुसलमानों को हाशिये पर रखने का काम किया, उनका ये संरक्षण कर रहे। मैं अपने पिता के सिद्धांतों पर चल रहा हूं।
आगे कहा कि मैं हिंदू हूं, लेकिन ऐसी पार्टी आयोजित कर रहा हूं क्योंकि इससे समाज में एकता का संदेश जाता है। तस्वीरें जाती हैं, जिसमें हिंदू मुस्लिम एक साथ बैठकर खाते हैं तो भाईचारा होता है। कुछ धार्मिक संगठन पक्षपात करते हैं जिससे इसकी पवित्रता पर भी सवाल उठाए जाते हैं।

इफ्तार पार्टी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होने वाले हैं। उनके अलावा बीजेपी के भी कई नेता-मंत्री शामिल होंगे। फिलहाल पार्टी में नेताओं-कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया है।
चिराग पासवान की इस इफ्तार पार्टी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि यह आयोजन राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बिहार में लोकसभा चुनाव नजदीक हैं और विभिन्न दलों के नेता एक-दूसरे के करीब आते दिख रहे हैं। इफ्तार के बहाने नेताओं के बीच मुलाकात और चर्चा के कई मायने निकाले जा सकते हैं।
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें कई सियासी दिग्गजों ने शिरकत की थी। राजनीतिक हलकों में चिराग पासवान की इस इफ्तार पार्टी को खास नजरिए से देखा जा रहा है।