Movie prime

DK टैक्स पर दिलीप जायसवाल का पलटवार, बोले- RJD भेड़ के खाल में भेड़िया है

 
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने रोहतास के भलुनी भवानी धाम में मकर संक्रांति के मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगाए। उन्होंने राजद के नेताओं के व्यवहार को उनकी पुरानी आदतें बताया। यह कार्यक्रम भाजपा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने आयोजित किया था।

दिलीप जायसवाल ने विपक्ष की ओर से डीके टैक्स का मुद्दा उठाए जाने पर तेजस्वी और राजद पर 'भेड़ के खाल में भेड़िया' होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजद नेता सुधरने का दिखावा करते हैं, लेकिन असलियत में उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है। दिलीप जायसवाल ने राजद नेताओं की ओर से की गई गाली-गलौज का उदाहरण देते हुए इसे राजद का पुराना चरित्र बताया।

जेपी प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार और वसूली के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने पिता के समय में ‘गुंडा टैक्स’ वसूलते थे, आज नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पिछले कुछ सालों से यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे बदल गए हैं, लेकिन उनके काम उनके दावों से मेल नहीं खाते। जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव को पहले अपने घर की सफाई करनी चाहिए, फिर दूसरों पर उंगली उठानी चाहिए। उन्होंने तेजस्वी के पूरे परिवार को 'वसूली मास्टर' कहा।

इस कार्यक्रम में दिलीप जायसवाल को कार्यकर्ताओं ने चांदी के सिक्कों, तिलकुट और मिठाई से तोलकर स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने जायसवाल से बातचीत की और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए।