Movie prime

लोकसभा चुनाव 2024 : भाजपा जल्द जारी कर सकती है उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

पहली लिस्ट आने से पहले दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर और झारखंड के हजारीबाग से सांसद जयंत सिन्हा ने राजनीति से अलग होने की घोषणा कर दी।

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी लिस्ट जल्द ही आ सकती है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस येदयुरप्पा ने इस बाबत संकेत देते हुए कहा कि वह केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने बुधवार को दिल्ली जा रहे हैं। संभवतः इसी दिन दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है। मेरा मानना है कि परसों सूची फाइनल हो जाएगी। हालांकि अंतिम फैसला वरिष्ठ नेता लेंगे। भाजपा ने इससे पहले 2 मार्च को शाम 6 बजे 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। इतने ही सांसदों का टिकट काटा गया है। सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं।

गौरतलब है कि, पहली लिस्ट आने से पहले दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर और झारखंड के हजारीबाग से सांसद जयंत सिन्हा ने राजनीति से अलग होने की घोषणा कर दी। लिस्ट आने के बाद पश्चिम बंगाल के आसनसोल से प्रत्याशी बनाए गए भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। वहीं चांदनी चौक से टिकट कटने के बाद पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।

पहली लिस्ट में मोदी-शाह और 34 केंद्रीय मंत्रियों के नाम
भाजपा की पहली लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी और अमित शाह गांधीनगर से ही चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज को विदिशा से, त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब को त्रिपुरा पश्चिम और असम के पूर्व CM सर्बानंद सोनोवाल को डिब्रूगढ़ से टिकट मिला है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपनी सीट कोटा से फिर मैदान में होंगे। पार्टी ने सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार डॉ. अब्दुल सलाम को केरल के मलप्पुरम से प्रत्याशी बनाया है। उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती से पूर्व IAS और मोदी के पूर्व निजी सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे साकेत मिश्रा को टिकट मिला है। इस लिस्ट में चार भोजपुरी स्टार्स मनोज तिवारी, रवि किशन, दिनेश लाल और पवन सिंह शामिल हैं।