Movie prime

नीतीश आज दे सकते हैं बड़ा संदेश, जदयू की 6 महीने में दूसरी बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

 
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज दिल्ली के कंस्टीट्यूशनल क्लब में होगी। 6 महीने में दूसरी बार पार्टी की तरफ से ये बैठक बुलाई गई है। लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद हो रही इस मीटिंग को कई लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों की माने तो नीतीश कुमार एक बार फिर से दिल्ली से बिहार के लोगों को चौंका सकते हैं।
नीतीश कुमार पार्टी के संगठन में बड़ा फेरबदल कर सकते हैं। सूत्रों की माने तो जदयू में कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है। हालांकि, पार्टी के नेता फिलहाल इस पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। लेकिन, दबी जुबान में सभी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन में फेरबदल किया जा सकता है।
सूत्रों की माने तो बैठक क्लब में 11.30 बजे से शुरू होगी। इससे पहले 10.30 बजे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएम नीतीश कुमार राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश के कई नेताओं ने दिल्ली जाने से पहले इस बात के संकेत दिए हैं कि इस बैठक में संगठनात्मक तौर पर कुछ बड़े बदलाव हो सकते हैं।
कार्यकारिणी की बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है। सीएम नीतीश कुमार शुक्रवार को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनके अलावा पार्टी के सभी केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और प्रदेश अध्यक्ष समेत लगभग कार्यकारिणी के 100 से ज्यादा मेंबर भी दिल्ली पहुंच चुके हैं।