नीतीश कुमार के पुराने साथी गजेंद्र सिंह का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

बिहार के सीएम नीतीश कुमार के पुराने साथी गजेंद्र सिंह का 13 अप्रैल को हार्ट अटैक से निधन हो गया। जिससे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। राजनीति से जुड़े कई दिग्गजों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
बता दें कि गजेंद्र सिंह शुरुआती समय से नीतीश कुमार से जुड़े हुए थे। जिस कुर्मी चेतना रैली से नीतीश कुमार बड़े नेता के रूप में उभरे उसके संयोजक मंडल में गजेंद्र सिंह की भी अहम भूमिका थी। वह समता पार्टी और जदयू के संस्थापक सदस्य भी थे।
कुछ समय पहले ही गजेंद्र सिंह ने न्यूज हाट से भी बातचीत की थी। जिसमें उन्होंने नीतीश कुमार के संघर्ष के दिनों की कई कहानियां सुनाई थी। जेपी आंदोलन से जुड़ी कई यादों को उन्होंने साझा किया था।
गजेंद्र सिंह के दामाद व जदयू प्रवक्ता डॉ जितेंद्र पटेल ने कहा कि मैं उन्हें अपने पिता की तरह मानता था। उनका जाना हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें याद करते हुए डॉ जितेंद्र पटेल ने आगे कहा कि राजनीति में भी मेरे लिए वह एक पथ प्रदर्शक थे। उन्होंने कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया, हमेशा समाज के लिए ही काम किया।
