दिल्ली में आज बिहार कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की बैठक, 'स्पेशल मंथन' के लिए राहुल ने बुलाया

राहुल गांधी ने बिहार पर फोकस बढ़ा दिया है। शुक्रवार को दिल्ली में बिहार कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को टिप्स देंगे। इसका मुख्य उद्देश्य बिहार में जिला स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों पर ध्यान केंद्रित करना है। बैठक में संगठन को मजबूत करने, चुनाव की रणनीति बनाने और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होगी।
बिहार कांग्रेस के सभी 40 जिलाध्यक्ष इस बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। बुधवार की शाम को ही प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के साथ सभी जिलाध्यक्ष दिल्ली पहुंच गए थे।
दिल्ली रवाना होने से पहले प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा, 'मीटिंग के बाद आगे का प्लान करेंगे। राहुल गांधी जो निर्देश देंगे उस पर काम करेंगे। बिहार में अभी हम चुनाव और जनता के मुद्दों पर फोकस कर रहे हैं।'

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, 'कांग्रेस में 40 जिलाध्यक्ष हैं। सभी का राहुल गांधी के साथ संवाद होना है। मीटिंग में राहुल गांधी का क्या निर्देश आता है, उसके अनुसार हमलोग काम करेंगे।
संगठन को मजबूत करेंगे। पार्टी को किस तरीके से धारदार करना है। हमलोग राहुल गांधी का संदेश लेकर दिल्ली से आएंगे। संवाद के बाद जो निर्देश मिलेगा, उस पर बिहार में ताकत के साथ काम करेंगे।
कांग्रेस संगठन को धारदार बनाने के लिए जिलाध्यक्षों को बड़ा पावर देने की तैयारी कर रही है। प्रदेश की तरह ही जिला में जिलाध्यक्षों को कई स्वतंत्र अधिकार दिए जा सकते हैं।
पार्टी सूत्रों की माने तो इनकी भूमिका अब केवल जिलों के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने की नहीं होगी, बल्कि इन्हें मजबूत करने को लेकर कुछ महत्वपूर्ण फैसले और घोषणाएं और हो सकती हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण और कैंडिडेट सिलेक्शन में जिलाध्यक्षों की अहम भूमिका हो सकती है। बहुत जल्द सकी घोषणा भी हो सकती है।