मोतिहारी में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटे सभी दलों के प्रदेश अध्यक्ष, RJD पर हमला और CM नीतीश की जमकर हुई तारीफ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने मोतिहारी में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। सभी ने एक साथ हुंकार भरते हुए कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में हम जीतेंगे। मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित विराट एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और सभी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर एकजुट रहने का संकल्प लेते हुए एनडीए के प्रत्याशियों को विजयी बनाने का निश्चय किया। इस सम्मेलन में कई विधानसभा के कार्यकर्ता पहुंचे, जिसमें एकजुटता और संकल्प साफ तौर पर दिख रहा था। इस संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में एनडीए के कई सांसद, विधायक और विधान पार्षद भी शामिल हुए। सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि आज जो मोतिहारी की धरती पर एनडीए कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ा है और उनकी जो पार्टी के प्रति समर्पण दिखाई दे रहा है, उससे साफ है कि उनकी मेहनत अवश्य रंग लाएगी और हम बड़ी जीत हासिल करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह साफ दिख रहा है कि इस बार बिहार में एनडीए की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनने जा रही है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बदौलत ही विभिन्न चुनावों में भाजपा और एनडीए को लगातार विजय प्राप्त हुई है। इस बार बिहार विधान सभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलनी चाहिए ताकि इसकी धमक देश के कोने-कोने में गूंजे और देश को पता चले कि बिहार की जनता ने बिहार में विकास के उद्देश्य से मन से विकास के प्रतीक नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार को अपना समर्थन दिया है।
उन्होंने आज के बिहार और गुजरे कल की बिहार की तुलना करते हुए कहा कि आज के युवा 2005 के पहले बिहार को नहीं देखा है, किस तरह से लालू यादव के राज में अपहरण उद्योग फलता-फूलता था, किस तरह से लालटेन में अपनी रातों को गुजारते थे, लेकिन आज बिजली सभी गांव तक पहुंच चुकी है। लालटेन को तोड़ दिया गया है। पहले सड़कों पर गड्ढे नजर आते थे, लेकिन आज प्रदेश के किसी इलाके से पांच घंटे में राजधानी पहुंचा जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन की सरकार में बिहार आगे बढ़ रहा है। चारों तरफ विकास हो रहा है। बंद कारखाने शुरू हो रहे हैं। उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों को सत्ता के लिए लार टपक रहा है। लोग वे सपना देखते हैं। लेकिन, अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो सरकार चल रही है उसका 'जूठन' भी खाने को लालू यादव के परिवार को सत्ता में नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि आपने देखा था कि किस तरह बीच में वे सरकार में चले आए थे, लेकिन अब वह भी मिलने वाला है।
उन्होंने तमाम कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप बिहार की जनता को जागरूक करें और उन्हें बिहार की गौरवशाली परंपरा की याद दिलाएं, आप उन्हें बताएं कि किस तरह राज्य के नौजवान पलायन करते थे, किस तरह लोग शाम होते ही घर के बाहर निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा कि देश के विकास के मूल में बिहार के युवाओं का परिश्रम और पसीना है और आज बिहार एक बार फिर से विकास की दौड़ में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। अब यहां की जनता कभी बिहार को पीछे नहीं होने देगी। एनडीए का लक्ष्य प्रदेश और देश को विकसित बनाना है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया। राजद की सरकार ने बिहार को पिछड़ेपन, भ्रष्टाचार और गुण्डाराज की ओर धकेल दिया था। राजद का शासनकाल बिहार के लिए काला अध्याय है जब हर ओर नरसंहार और दंगे होते थे। जनता ने अपने जनादेश से 2005 में इस काले अध्याय को सदा के लिए पटाक्षेप कर दिया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अब राजद कभी भी सत्ता में नहीं लौट सकती है।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बिहार में आज बड़ी कंपनियां अपना उद्योग लगाने के लिए लालायित हैं। आज एनडीए के नेतृत्व में बिहार हर क्षेत्र में- चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, कृषि हो, या उद्योग- नए मापदंड स्थापित कर रहा है। 'नीतीश के निश्चय और मोदी है तो मुमकिन है' के साथ बिहार न केवल आत्मनिर्भर बन रहा है, बल्कि पूरे देश में मिसाल कायम कर रहा है।
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि यह गठबंधन विचारधारा, नीति और जनसेवा पर आधारित है। एनडीए का हर कार्यकर्ता हमारे लिए परिवार का हिस्सा है। यह एक ऐसा मंच है जहाँ हर आवाज को सुना जाता है, हर सपने को संजोया जाता है और हर मेहनत को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बिहार को राजद के शासनकाल नहीं चाहिए।
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है। एनडीए जहां उन्नति और विकास का प्रतीक है वहीं राजद जंगलराज का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भी बिहार के लोग राजद के काल को नहीं भूले हैं।