राष्ट्रपति के सामने नीतीश बोले-वो लोग कुछ नहीं करते थेः ना इलाज था, ना पढ़ाई और ना सड़क, हिंदू- मुस्लिम में झगड़े होते थे
Feb 25, 2025, 13:23 IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंची हैं। वे बापू सभागार में PMCH के शताब्दी समारोह में चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में 3000 से अधिक डॉक्टर्स को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा 'वो लोग कुछ काम नहीं कर रहे थे। उन लोगों ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। हमने महिलाओं के लिए काम किया। हर वर्ग के लिए काम किया। हम तो चाहते हैं अच्छे से चलें। केंद्र का भी सहयोग मिलता रहेगा। बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।'
उन्होंने कहा कि 'पहले प्राथमिक सेवा केंद्र में 1 महीने में 39 लोग इलाज कराते थे। अब 11 हजार लोग इलाज के लिए जाते हैं। पहले वाले इलाज नहीं कराते थे। पढ़ाई नहीं कराते थे। आने-जाने का रास्ता नहीं था। पहले कितना हिंदू- मुस्लिम का झगड़ा होता था। अब कहीं कुछ सुनाई देता है। हम हिंदू-मुस्लिम, पिछड़े, दलित, ऊंची जाति सबके विकास के लिए काम कर रहे हैं।'

CM नीतीश कुमार ने कहा-
2005 में हम लोगों को मौका मिला। उसी समय से हम लोग काम कर रहे थे। उस वक्त बिहार में 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब 12 मेडिकल कॉलेज बन गए हैं। 14 मेडिकल कॉलेजों का का काम चल रहा है। हम हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनवाने जा रहे हैं।
2005 के पहले कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। अब लोग रातभर घुमते रहते हैं। लड़का हो लड़की हो सब रातभर घुमते थे। चलने के रास्ते नहीं थे। मैं केंद्र में नहीं था यहां आता था तो पैदल ही चलता था। गाड़ियों के लिए सड़कें नहीं थीं।
कार्यक्रम में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 'मेरा जन्म भी PMCH में हुआ था। दुनिया में ऐसी कोई जगह नहीं जहां PMCH के डॉक्टर ना हो। PMCH दुनिया का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां हम सभी को एक बार विजिट करना चाहिए।'
उन्होंने कहा कि मोदी जी बिहार के विकास के लिए लगातार लगे हुए हैं। उन्होंने बिहार को बीमारु राज्य से अगृणी राज्य बनाया। पहले बिहार की गिनती नीचे से होती थी अब ऊपर से होती है।'
राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम पटना में ही होगा। 26 फरवरी की सुबह 9 बजे राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना होंगी।