मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस बेड़े को दी नई ताकत, 618 नये वाहनों को मिली हरी झंडी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 01 अणे मार्ग स्थित अपने आवास से बिहार पुलिस के लिए कुल 618 वाहनों का विधिवत लोकार्पण किया। इनमें 520 चार पहिया और 98 दो पहिया वाहन शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेशभर में रवाना किया और कहा कि इससे पुलिस बल की क्षमता, तत्परता और कानून व्यवस्था बनाए रखने की ताकत में उल्लेखनीय सुधार होगा।
वाहनों का निरीक्षण कर ली जानकारी
वाहनों के रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ पुलिस वाहनों की संरचना, उनकी तकनीकी विशेषताओं एवं कार्य प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा जताया कि इन आधुनिक वाहनों से प्रदेश में अपराध नियंत्रण और गश्ती व्यवस्था और बेहतर होगी।

पुलिस महानिदेशक ने किया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। यह प्रतीकात्मक सम्मान पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, विशेष शाखा के एडीजी सुनील कुमार, मुख्यालय के एडीजी कुंदन कृष्णन, प्रोविजनिंग के एडीजी अजिताभ कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार और पटना रेंज की डीआईजी गरिमा मलिक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।