राहुल गांधी बताएं वह किस जाति के और किस धर्म के हैं: संतोष कुमार सिंह

बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से उनकी जाति का सर्टिफिकेट मांग लिया है। उन्होंने सीधे तौर पर यह बात कह दी है कि राहुल गांधी को अब भारत में रहना है तो उन्हें अपनी जाति बतानी होगी। उन्होंने कहा कि इटली में उनके मामा की क्या जाति है और भारत में वह किस धर्म को मानते हैं। अब यह उन्हें बताना होगा। बताते चलें कि बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने यह बात डंके की चोट पर पूछी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यदि भारत में रहना है तो अब अपनी जाति बतानी होगी।
बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने राहुल गांधी को अपनी जात का सर्टिफिकेट देने की सलाह दी है। बीजेपी के मंत्री ने यह भी कहा कि भारत की जनता को उनकी जाति जानने का हक है। राहुल गांधी को भी यह साफ करना चाहिए कि वह किस जाति और किस धर्म से आते हैं। ताकि भारत की जनता को पता चले कि राहुल गांधी का धर्म और जाति क्या है। उन्होंने कहा कि उनके मामा इटली में रहते हैं। वहां की किस जाति से वह आते हैं यह भारत की जनता को पता होना चाहिए।
बताते चलें कि राहुल गांधी लगातार जाति आधारित जनगणना की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी सदन के भीतर पूरे देश में जाति आधारित जनगणना को लेकर हंगामा मचाते रहे हैं। जिसे लेकर भाजपा के मंत्री संतोष कुमार ने गुरुवार को गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दरअसल, बीजेपी दफ्तर में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। इस सहयोग कार्यक्रम के दौरान भाजपा कोट के मंत्री अपने विभाग से जुड़ी आम लोगों की समस्या का समाधान कर रहे थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछा तो उन्होंने सीधे तौर पर राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

वहीं तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वह अपने आप में खुद ही समस्या हैं तो वह दूसरों की समस्या का क्या समाधान करेंगे। तेजस्वी प्रसाद यादव अपने पिता-माता, बहन और अपनी खुद की समस्या के समाधान के बारे में चिंता कर रहे हैं। जब चुनाव आता है तब उन्हें जनता की याद आती है, जनता के बीच जाते हैं?
वहीं जनता दल यूनाईटेड के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के लालू प्रसाद के समर्थन में दिए गए बयान के सवाल पर मंत्री संतोष सिंह ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है। वह ही बताएंगे कि किसने उनकी मदद की है या नहीं। क्या लालू प्रसाद यादव ने उनकी मदद की है? इस सवाल पर मंत्री ने कहा कि देवेश चंद्र ठाकुर का बयान पर में कोई टिप्पणी नहीं दे सकता हूं। आप लोग उनसे ही पूछ लीजिए।