Movie prime

आज से बजेगी शहनाई, पटना में बैंड-बाजा के साथ डीजे की डिमांड, बाजारों में लौटी रौनक

 

खरमास की समाप्ति के बाद आज से सभी मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। पिछले दो महीने से शुभ ग्रहों में गुरु और शुक्र ग्रह के अस्त होने से हिन्दुओं के सभी शुभ कार्य पर विराम लगा हुआ था। इसी कारण अप्रैल ओर मई मास में शादियां एक अन्य मांगलिक उत्सव नहीं हो रहे थे। अब ग्रहों की स्थिति सामान्य होने पर आज से शादी-ब्याह और अन्य सभी शुभ कार्य का सिलसिला शुरू हो रहा है।

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने पंचांगों के हवाले से बताया कि सनातन धर्मावलंबियों के शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त आज से 15 जुलाई तक ही है। इनमें मिथिला पंचांग के अनुसार जुलाई मास में केवल तीन शुभ मुहूर्त है तो बनारसी पंचांग के मुताबिक सात मुहूर्त है। फिर चातुर्मास के बाद इस वर्ष में कुल 18 शुभ लग्न मुहूर्त शेष होंगे।

इसमें बनारसी पंचांग के अनुसार नवंबर में नौ और दिसंबर में भी नौ वैवाहिक लग्न है। वहीं, मिथिला पंचांग के मुताबिक नवंबर में चार और दिसंबर में पांच शुभ विवाह मुहूर्त है। इसके बाद अगले साल 2025 में मकर संक्रांति के बाद शादी-ब्याह का लग्न शुरू होगा।

ज्योतिषी झा के मुताबिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शादी-विवाह के लिए शुभ मुहूर्त का होना बड़ा महत्वपूर्ण होता है। वैवाहिक बंधन को सबसे पवित्र रिश्ता माना गया है। इसलिए इसमें शुभ मुहूर्त का होना जरूरी है। शास्त्रों में शादी के शुभ योग के लिए नौ ग्रहों में बृहस्पति, शुक्र और सूर्य का शुभ होना जरूरी है। इसमें रवि-गुरु का संयोग सिद्धिदायक और शुभ फलदायी होते हैं। इन तिथियों पर शादी-विवाह को बेहद शुभ माना गया है। इसके अलावा विवाह माघ, फाल्गुन, वैशाख, ज्येष्ठ, आषाढ़ ओर अगहन महीने में हो तो अत्यंत शुभ होता है।
इस वर्ष के वैवाहिक शुभ मुहूर्त

बनारसी पंचांग के अनुसार

जुलाई: 9,10,11,12,13,14,15

नवंबर: 16,17,22,23,24,25,26,28,29

दिसंबर: 2,3,4,5,9,10,11,14,15

मिथिला पंचांग के मुताबिक

जुलाई: 10,11,12

नवंबर: 18,22,25,27

दिसंबर: 1,2,5,6,11