Movie prime

तेलुगु कोरियोग्राफर जानी मास्टर से वापस लिया गया नेशनल अवार्ड, जानें क्या है मामला

 

मशहूर तेलुगु कोरियोग्राफर जानी मास्टर का नेशनल अवार्ड वापस ले लिया गया है। दरअसल, जानी मास्टर पर अपनी असिस्टेंट के यौन शोषण करने का आरोप है। कोरियोग्राफर के खिलाफ उनकी असिस्टेंट रही लड़की ने 15 सितंबर को तेलंगाना के साइबराबाद रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई थी।

गौरतलब है कि जानी मास्टर को साल 2022 में रिलीज हुई धनुष की फिल्म ‘तिरुचित्रम्बालम’ के गाने ‘मेघम करुकथा’ का डांस कोरियोग्राफ करने के लिए नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। इस गाने को उन्होंने सतीश कृष्णन के साथ कोरियोग्राफ किया था। उन्होंने स्त्री-2 के गाने 'आई नहीं' और पुष्पा के गाने 'श्रीवल्ली' को भी कोरियाग्राफ किया है।

तेलुगु कोरियोग्राफर जानी मास्टर से वापस लिया गया नेशनल अवार्ड, जानें क्या है मामला 

बताते चलें कि जानी मास्टर के खिलाफ केस दर्ज कराने वाली लड़की का आरोप कि उन्होंने चेन्नई, मुंबई और हैदराबाद में अलग-अलग प्रोजेक्ट्स की शूटिंग के दौरान उसका यौन शोषण किया। साथ ही हैदराबाद स्थित अपने घर पर भी उसे कई बार एब्यूज किया। लड़की ने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2017 में एक इवेंट में उसकी मुलाकात जानी मास्टर से हुई थी। दो साल बाद जानी ने उसे अपनी असिस्टेंट कोरियोग्राफर की जॉब ऑफर की, जो उसने मंजूर कर ली।

इसके बाद मुंबई में हुए एक शो के दौरान जानी ने होटल में उसका यौन शोषण किया। लड़की का आरोप है कि इसके बाद जानी लगातार डरा-धमकाकर उसका शोषण करते रहे। वे उस पर लगातार शादी का दबाव बना रहे थे। इतना ही नहीं, वे एक बार उसे अपने घर भी ले गए जहां जानी और उनकी पत्नी (आयशा) ने उसके साथ मारपीट की।

यह मामला सबसे पहले तेलंगाना वुमन सेफ्टी विंग (WSW) की डीजी शिखा गोयल ने उठाया था। उन्होंने ही पीड़ित को पुलिस कम्प्लेन करने का सुझाव दिया था। जानी इससे पहले भी 2015 में एक विवाद के चलते छह महीनों के लिए जेल जा चुके हैं।