पटना में 2 बच्चों की हत्या, जीभ-सीने में मारा चाकू, परिवार बोला- ग्रीन सिटी वालों ने बलि दी

पटना के गर्दनीबाग इलाके में 11 और 12 साल के 2 बच्चों की हत्या हुई है। सोमवार सुबह दोनों के शव मिले हैं। दोनों पड़ोसी थे। बच्चों के हाथ-पैर बंधे थे, शरीर पर चोट के निशान थे। 12 साल के विवेक के पिता विनोद कुमार का आरोप है कि बच्चों की आंखें फोड़ी गई है। जीभ और सीने में चाकू मारा गया है। रस्सी से दोनों के हाथ बंधे थे।
पिता का आरोप है कि कई दिनों से ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट का काम रुका हुआ था। उसे शुरू करने के लिए बच्चों की बलि दी गई है। ग्रीन सिटी में बच्चों की हत्या कर के शवों को यहां फेंका गया है।
इधर, गुस्साए लोगों ने पटना के बेऊर स्थित 70 फीट सड़क के पास सड़क जाम कर दिया है। आगजनी हुई है। लोगों का प्रदर्शन जारी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही है।

दोनों बच्चों के शव सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पड़े थे। मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों की नजर शवों पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देर रात से गर्दनीबाग इलाके के तीन बच्चे गायब थे।
जिन बच्चों के शव मिले हैं वे गर्दनीबाग थाना क्षेत्र सरिस्ताबाद मोहल्ले के रहने वाले थे। एक बच्चे का नाम विवेक (12) है। जबकि, दूसरे का नाम प्रत्यूष (11) है। प्रत्यूष घर का इकलौता था। विवेक चौथी में पढ़ता था। जबकि, प्रत्यूष 6वीं में पढ़ता था।
परिवार ने देर रात ही बच्चों के गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने एक्शन नहीं लिया।