रांची की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 244 आधुनिक बसें, बदलेगी परिवहन व्यवस्था

रांची की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम एक बड़ी पहल करने जा रहा है। इस योजना के तहत राजधानी की सड़कों पर कुल 244 नई बसें उतारी जाएंगी, जिनमें अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। इनमें 5 डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बसें, 19 एसी इलेक्ट्रिक बसें, 220 नॉन-एसी डीजल बसें शामिल होंगी।
संपूर्ण संचालन निजी एजेंसी को
रांची नगर निगम ने इन बसों की खरीद, संचालन, रखरखाव और स्वामित्व के लिए निजी एजेंसी की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) जारी किया गया था, जिसमें एंटोनी (नोएडा), सीएलएल (दिल्ली) और ट्रेवल टाइम (पुणे) जैसी तीन एजेंसियों ने रुचि दिखाई है। तकनीकी मूल्यांकन हो चुका है और अब वित्तीय प्रस्तावों की जांच चल रही है। जल्द ही किसी एक एजेंसी को अंतिम रूप से चुना जाएगा।

नया बस डिपो बनेगा नागाबाबा खटाल में
इन बसों के रखरखाव और संचालन के लिए नागाबाबा खटाल के पास एक नया बस डिपो बनाया जाएगा। इस निर्माण कार्य पर लगभग 2.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें ईंट, सीमेंट, स्टील आदि से बनी मजबूत संरचनाएं तैयार की जाएंगी। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख बस स्टॉप्स पर प्रतीक्षालय (शेड) भी बनेंगे।
13 प्रमुख रूट, शहर से उपनगरों तक बेहतर कनेक्टिविटी
नगर निगम ने 13 मुख्य रूट निर्धारित किए हैं, जो शहर के प्रमुख स्थानों से उपनगरों और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ेंगे। इनमें से कुछ प्रमुख रूट इस प्रकार हैं:
1. किशोरी यादव चौक – मांडर (25 किमी): पिस्का मोड़, फ्रेंड्स कॉलोनी, रातू चट्टी, मुरगू
2. किशोरी यादव चौक – रामपुर (16 किमी): कचहरी चौक, लालपुर, कांटाटोली, नामकुम
3. किशोरी यादव चौक – नगड़ी (15.8 किमी): झारखंड नर्सरी, मिशनरी ऑफ चैरिटी स्कूल, पुलिस स्टेशन
4. किशोरी यादव चौक – ओरमांझी (22 किमी): मोरहाबादी, बिरसा जैविक उद्यान, मधुवन विहार
5. किशोरी यादव चौक पिठोरिया: कांके डैम, बीएयू, मदरसा, जतरा मैदान
6. किशोरी यादव चौक – तुपुदाना (15.5 किमी): हटिया, बिरसा चौक, राजेंद्र चौक, सुजाता चौक
7. कांटाटोली – कांटाटोली (सर्कुलर रूट, 9.43 किमी): स्टेशन, सब्जी बाजार, अल्बर्ट एक्का चौक
8. बूटी मोड़ – बूटी मोड़ (28.6 किमी): हरमू चौक, राजभवन, डीएवी स्कूल, रांची नर्सिंग होम
9. कांटाटोली – कांटाटोली (22.6 किमी): टाटीसिल्वे, बिरला यूनिवर्सिटी, मोरहाबादी, धर्मकांटा
10. पटेल चौक – पटेल चौक (26.4 किमी): आरडीकेएफ यूनिवर्सिटी, हाई कोर्ट, विधानसभा बस स्टॉप, डोरंडा
11. बूटी मोड़ – एयरपोर्ट (19.3 किमी): रिम्स, हरमू चौक, डीपीएस स्कूल
12. कांके चौक – एयरपोर्ट (17.2 किमी): चांदनी चौक, हरमू चौक, डीपीएस
13. रामपुर – मेसरा (62.5 किमी): तुपुदाना, ललगुटवा, सुकुरहुटू, नेवरी चौक, विकास विद्यालय
पर्यावरण के साथ यात्री सुविधाओं का भी ध्यान
इस योजना से रांचीवासियों को न सिर्फ नियमित, समयबद्ध और आरामदायक बस सेवा मिलेगी, बल्कि यह पर्यावरण के लिहाज से भी लाभकारी होगी। इलेक्ट्रिक बसें वायु प्रदूषण को कम करेंगी, वहीं डीजल बसें शहर के दूरदराज के इलाकों तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगी।