वृद्ध भानु मुंडा मामले में 7 अपराधी गिरफ्तार, डायन बताकर की गयी थी हत्या

khunti: जिले के अड़की थाना क्षेत्र में सेरेंगडीह में रविवार की देर रात धारदार हथियार से वृद्ध भानु मुंडा का सिर धड़ से अलग करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाने वाला मुख्य आरोपी ओझा राम मुंडा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार ओझा के कहने पर ही वृद्ध भानु मुंडा की हत्या बेरहमी से काटकर कर दी गयी थी। ओझा ने ही उकसाया था कि मृतक भानू गुण्डा उर्फ बोयार की पत्नी बिरसपति देवी उर्फ गुरूवारी देवी डायन है और उसी ने जादू टोना कर गांव की दो महिलाओं को मार दिया। इस हत्याकांड में मारंगडीह गांव निवासी सुखराम मुंडा, गुरूवा मुंडा, बाड़ीनिजकेल गांव निवासी ओझा राम मुंडा, मदन मुंडा, सेरेंगहातू गांव निवासी रूशु मुंडा, बाले मुंडा और सामू मुंडा शामिल है।
डीएसपी अमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर वृद्ध हत्याकांड का खुलासा किया है। डीएसपी ने बताया कि उनके नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा त्वरित कारवाई करते हुए ओझा समेत सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित व्यक्तियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और उनकी निशानदेही पर कांड के मृतक भानू मुण्डा उर्फ बोयार के हत्या में प्रयोग किया गया खून लगा दाउली तथा अभियुक्त के द्वारा मृतक के खून से सना हुआ शर्ट और भगत के द्वारा ओझा के काम में प्रयोग किया गया एक लोहे का त्रिशूल बरामद किया गया है।