रांची में बड़ी चोरी: सूने घर से कार, जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

झारखंड की राजधानी रांची से एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। रातू थाना क्षेत्र के झिरी (संत नगर) में रहने वाले जितेंद्र कुमार सोनी के घर चोरों ने धावा बोल दिया। इस दौरान चोर कार, जेवरात और नकदी समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका चोरों ने फायदा उठाया। पीड़ित जितेंद्र ने 12 मार्च को थाना पहुंचकर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई।
घर सूना पाकर चोरों ने बनाया निशाना
पीड़ित जितेंद्र ने बताया कि 11 मार्च की रात उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने के कारण वे उन्हें सेवा सदन अस्पताल ले गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में सेंध लगाई। जब वे 12 मार्च की सुबह 10 बजे घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाने पर चारों तरफ बिखरा हुआ सामान देख वे दंग रह गए। आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान गायब था।

जितेंद्र कुमार के अनुसार, चोरों ने घर से निम्नलिखित कीमती सामान चुरा लिया:
1. कार – मारुति सुजुकी स्विफ्ट (नं. JH01-CR 6879), मॉडल: MARUTI SWIFT VXI BSIV, इंजन नं. K12MN2067572, चेसिस नं. MA3EHKDIS00D60580।
2. सोने के जेवर – एक जोड़ा टॉप्स, एक टिक्का और एक नथ (कुल वजन 9 ग्राम), जिसकी अनुमानित कीमत 72,000 रुपये।
3. चांदी के गहने – दुल्हन पायल और बिछिया (कुल वजन 150 ग्राम), जिनकी कीमत लगभग 15,000 रुपये।
4. नकदी – 50,000 रुपये।
पीड़ित ने पुलिस से की त्वरित कार्रवाई की मांग
जितेंद्र ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं और डिस्चार्ज होने के बाद वे चोरी गए अन्य सामान की सूची भी पुलिस को देंगे। फिलहाल, थाना प्रभारी ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में पूछताछ कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।