भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस प्रभारी के राजू के बयान पर साधा निशाना, जानें क्या है पूरा मामला

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू के हालिया बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि के राजू लगातार झारखंड कांग्रेस में भाजपा के स्लीपर सेल होने का दावा कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस के भीतर ही संशय का माहौल बन गया है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रभारी के इस बयान से पूरी झारखंड कांग्रेस कटघरे में खड़ी हो गई है। अब कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आपस में ही संदेह की नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रभारी से सवाल किया कि आखिर भाजपा का स्लीपर सेल कौन है? क्या यह प्रदेश अध्यक्ष हैं, कोई मंत्री है, विधायक है, कोई वरिष्ठ पदाधिकारी है या फिर अन्य कोई नेता? प्रतुल ने कहा कि इस तरह के बयान देकर के राजू ने कांग्रेस के प्रति निष्ठावान हजारों कार्यकर्ताओं की वफादारी पर ही प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का कोई भी नेता प्रभारी के इस बयान के खिलाफ आवाज नहीं उठा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र हुआ करता था, लेकिन अब पार्टी कार्यकर्ता अपने बड़े नेताओं के समक्ष गलत बातों का भी विरोध करने से कतराते हैं। प्रतुल ने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रभारी, राहुल गांधी की राह पर चलते हुए ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने भी गुजरात में कांग्रेस में भाजपा के स्लीपर सेल होने की बात कही थी, जिसका वहां के कई कांग्रेस नेताओं ने खुलकर विरोध किया था।
प्रतुल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस, झारखंड में झामुमो के समर्थन से दो बार सत्ता में आ चुकी है, फिर भी उसे अपनी ही पार्टी में स्लीपर सेल की आशंका हो रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस प्रभारी भाजपा के स्लीपर सेलों की सूची सार्वजनिक नहीं करते हैं, तो इससे पूरी झारखंड कांग्रेस हमेशा के लिए संदेह के घेरे में आ जाएगी।