Movie prime

झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार आज, हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 11 मंत्री लेंगे शपथ

हेमंत सोरेन द्वारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के छह दिन बाद, झारखंड में आज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। राजभवन के अशोक उद्यान में दोपहर 12:30 बजे 11 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। नई कैबिनेट के लिए तैयार की गई सूची के अनुसार, सरकार ने 5 पुराने मंत्रियों को दोबारा मौका दिया है, जबकि झामुमो और कांग्रेस ने अपने आधे मंत्रियों को बदल दिया है।

झामुमो से 6, कांग्रेस से 4 और राजद से 1 मंत्री शामिल
इस नए मंत्रिमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से 6, कांग्रेस से 4 और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से एक विधायक को मंत्री बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इससे पहले, हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को अकेले मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

झामुमो ने 3 पुराने मंत्री बरकरार रखे, 3 नए चेहरे शामिल
झामुमो ने अपने पिछले मंत्रिमंडल से तीन मंत्रियों को बरकरार रखा है। चाईबासा से विधायक दीपक बिरुआ, घाटशिला से विधायक रामदास सोरेन और मधुपुर से विधायक हफीजुल हसन अंसारी इस बार भी मंत्री बनाए गए हैं। तीनों पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। वहीं, पार्टी ने गिरिडीह से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गोमिया से विधायक योगेंद्र महतो और बिशुनपुर से विधायक चमरा लिंडा को नए चेहरे के रूप में जगह दी है।

प्रोटेम स्पीकर भी लेंगे शपथ
जानकारी के मुताबिक राज्यपाल संतोष गंगवार सबसे पहले प्रो. स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद कैबिनेट मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। सरकार के कामकाज में तेजी आए, इसके लिए मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही विभागों का भी बंटवारा हो जाएगा। समारोह में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर और राजद के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कई अन्य नेताओं के भी शामिल रहने की संभावना है।
 

News Hub