चांडिल : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो हिस्सों में बंटा ट्रैक्टर
Jun 17, 2024, 14:54 IST

आज सुबह टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 33 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए टीएमएच जमशेदपुर भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र के भादुडीह के पास एनएच 33 पर एक कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस टक्कर में ट्रैक्टर का इंजन दो हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर का चालक घायल हो गया और उसे जमशेदपुर में इलाज के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला और बच्चा सवार थे। महिला यूपी नंबर की ऑल्टो कार चला रही थी और चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भादुडीह केनाल के पास दुर्घटना हुई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चांडिल थाना प्रभारी वरुण यादव ने बताया कि दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक घायल हुआ है और उसे इलाज के लिए टीएमएच जमशेदपुर भेज दिया गया है। कार सवार महिला और बच्चे को हल्की चोटें आई हैं।