Movie prime

मंईयां सम्मान योजना: 56 लाख महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का तोहफा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्रांसफर किए 11415.44 करोड़ रुपए

झारखंड सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की 56 लाख 61 हजार 791 महिलाओं के खातों में 2500 रुपए प्रति लाभार्थी डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए। नामकुम के खोजा टोली स्थित आर्मी ग्राउंड पर आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस राशि को ट्रांसफर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे। कार्यक्रम में हेमंत कैबिनेट के सभी मंत्री मंच पर मौजूद रहे। सीएम ने पूरे राज्य के लाभुकों के बीच कुल 11415.44 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। क्षेत्रवार राशि इस प्रकार वितरित की गई:

कोल्हान: ₹173.38 करोड़

संथाल प्रमंडल: ₹320.97 करोड़

पलामू प्रमंडल: ₹190.01 करोड़

दक्षिणी छोटानागपुर: ₹230.35 करोड़

उत्तरी छोटानागपुर: ₹500.81 करोड़

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने योजना के लाभ और महिलाओं के सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला।

भाजपा पर निशाना
वित्त मंत्री ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में जेंडर बजट के लिए छह हजार करोड़ निर्धारित किए गए थे, लेकिन उस धन का कोई हिसाब नहीं है। उन्होंने कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास निर्माण में हुई देरी पर भी सवाल उठाए।

वित्तीय स्थिति मजबूत, योजना को कोई कमी नहीं
वित्त विभाग के प्रधान सचिव प्रशांत कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार के पास 1.28 लाख करोड़ का बजट है, जिसमें से 15 हजार करोड़ रुपए मंईयां सम्मान योजना के लिए आवंटित किए गए हैं। 80 हजार करोड़ के स्कीम बजट में से यह राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि झारखंड स्कीम के तहत खर्च करने में अग्रणी राज्यों में शामिल है और हर साल 10% से अधिक कैपिटल खर्च किया जा रहा है।

केंद्र सरकार भी राज्य के राजस्व को बढ़ाने के प्रयास कर रही है। आगामी वित्तीय वर्ष में झारखंड का राजस्व 10 से 15 हजार करोड़ बढ़ने की संभावना है। साथ ही, झारखंड को केंद्र से 450 करोड़ रुपए इंसेंटिव के रूप में भी मिल रहे हैं।