शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री, आर्थिक सहायता व भरोसे का दिया संबल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड जगुआर के शहीद आरक्षी सुनील धान के परिवार ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा। साथ ही गृह विभाग द्वारा निर्धारित 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपए की राशि सीधे बैंक खाते में जमा की गई है।
मुख्यमंत्री ने शहीद के परिवार से आत्मीयता से संवाद कर उनकी वर्तमान पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की और कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आरक्षी सुनील धान ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे झारखंड हमेशा स्मरण रखेगा। शहीद के सम्मान में सरकार हरसंभव सहयोग करती रहेगी।

मुख्यमंत्री से शहीद की 65 वर्षीय मां फगनी उराइन, पत्नी गंदरी धान तथा उनके दो छोटे पुत्र प्रियांश (5 वर्ष) और अनिकेत (3 वर्ष) समेत अन्य परिजन उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को परिवार की परिस्थितियों से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद की पत्नी से कहा कि यदि वे चाहें तो राज्य सरकार के नियमानुसार अनुकंपा पर नौकरी प्राप्त कर सकती हैं। पत्नी ने बताया कि फिलहाल बच्चे छोटे हैं, लेकिन भविष्य में वह नौकरी पर विचार करेंगी।
मुख्यमंत्री ने परिवार को आगे बढ़ने के लिए हिम्मत और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी और कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवार को सभी सरकारी लाभ शीघ्र उपलब्ध कराएं और पेंशन की व्यवस्था जल्द शुरू की जाए। अधिकारियों ने बताया कि पेंशन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अगले माह से राशि का भुगतान प्रारंभ हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल 2025 को चाईबासा जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रातामाटी गांव के जंगल में नक्सल विरोधी विशेष अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में आरक्षी सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
इस अवसर पर गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, झारखंड जगुआर के डीआईजी इंद्रजीत महथा, वरिष्ठ डीएसपी सुनील कुमार रजवार, भारतीय स्टेट बैंक रांची अंचल के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार एवं मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।