Movie prime

सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप पर फिर भड़का विवाद, निर्माण कार्य ठप, पुलिस बल तैनात

रांची के सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आया। जैसे ही बीती रात निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया, आदिवासी संगठनों ने इसका तीखा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य में लगी कंपनी को काम करने से रोक दिया और JCB मशीनों के आगे खड़े हो गए।

हालात इस कदर बिगड़ गए कि मौके पर डोरंडा, हिंदपीढ़ी और अन्य थानों की पुलिस के साथ-साथ डीएसपी और सिटी एसपी तक को पहुंचना पड़ा। पूरा इलाका देखते ही देखते पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

प्रदर्शन के दौरान आरोप लगा कि कुछ महिला प्रदर्शनकारियों ने डोरंडा की थानेदार दीपिका प्रसाद से धक्का-मुक्की की। पुलिस ने काफी कोशिश की कि लोगों को शांत कराया जाए, लेकिन प्रदर्शनकारी टस से मस नहीं हुए। अंततः रात करीब 12 बजे हालात को काबू में लाने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।

घटना के बाद शुक्रवार को कुछ आदिवासी संगठनों ने आपात बैठक बुलाई है। वहीं, प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप शहर के यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और जाम की समस्या को हल करने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही, आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की गई है।