Movie prime

धनबाद : मंईयां सम्मान राशि न मिलने पर महिला लाभुकों का फूटा गुस्सा, सड़क पर किया प्रदर्शन

धनबाद में मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं को राशि न मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को सैकड़ों महिलाएं अंचल कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां कर्मचारियों की गैरमौजूदगी ने उनके गुस्से को और भड़का दिया। आक्रोशित महिलाओं ने रोड जाम कर दिया और योजना का पोस्टर फाड़कर सड़क पर आगजनी कर अपना विरोध दर्ज कराया।

योजना में भेदभाव का आरोप
महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार केवल कुछ महिलाओं को राशि दे रही है, जबकि बाकी को इससे वंचित रखा जा रहा है। उनका कहना था, "या तो सभी लाभुकों को राशि दी जाए या योजना बंद कर दी जाए।" उन्होंने यह भी शिकायत की कि कोई अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि उनकी राशि क्यों रुकी हुई है।

अंचल कार्यालय में ताले, महिलाएं परेशान

अंचल कार्यालय में ताले, महिलाएं परेशान
महिलाओं ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से वे लगातार अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें कार्यालय पर ताले लटके हुए ही मिले। इस कारण वे अपनी आवेदन त्रुटियों को ठीक कराने में असमर्थ हैं। मामले की शिकायत लेकर वे डीसी ऑफिस भी गईं, लेकिन वहां से उन्हें वापस अंचल कार्यालय भेज दिया गया। इस बीच, 200 से 300 महिलाएं कार्यालय के बाहर अधिकारियों और कर्मचारियों का इंतजार करती रहीं।

बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, "हमें परेशान करना बंद करें, वरना हम इससे भी बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगी।" प्रदर्शन में शामिल युवतियों ने कहा कि वे अपने कॉलेज छोड़कर बार-बार यहां आ रही हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा, "रांची में महिलाओं को बुलाकर राशि दी गई, लेकिन यहां फॉर्म की त्रुटियां सुधारने वाला तक कोई नहीं है।" महिलाओं ने मांग की है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत सभी को समान रूप से लाभ दिया जाए। उन्होंने साफ कहा कि योजना में भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो आंदोलन और तेज होगा।