Movie prime

वर्षों से फरार हार्डकोर नक्सली ललिंद्र महतो को पुलिस ने लिया गिरफ्तार, रविंद्र गंझू दस्ते का था सदस्य

 

लोहरदगा जिले में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी कामयाबी मिली है। वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली ललिंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह भाकपा माओवादी के कुख्यात जोनल कमांडर और 15 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू के दस्ते से जुड़ा हुआ था। उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी ने की है।

सूत्रों से मिली गुप्त सूचना पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने किस्को थाना क्षेत्र में अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर मनीष कुमार चौबे और किस्को थाना प्रभारी सुमन मिंज ने किया। सेमरडीह गांव निवासी ललिंद्र महतो को करचा टोली से गिरफ्तार किया गया।

कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले
ललिंद्र महतो लोहरदगा के साथ-साथ लातेहार और अन्य जिलों में कई गंभीर अपराधों में वांछित था। पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से कोई हथियार या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

रविंद्र गंझू की तलाश जारी
ललिंद्र महतो, 15 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू के दस्ते का सक्रिय सदस्य रहा है और कई हिंसक घटनाओं में उसकी भूमिका रही है। पुलिस अब रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी को लेकर अभियान तेज कर चुकी है और उसके खिलाफ भी छापेमारी जारी है।

'लोहरदगा में हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया गया है. सीपीआई (एम) नक्सली ललिंद्र महतो की लंबे समय से पुलिस को तलाश थी. वह कई सालों से फरार चल रहा था. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ललिंद्र महतो, लोहरदगा के आसपास के इलाकों में छुपा हुआ है. जिसके बाद छापेमारी दल द्वारा लोहरदगा के आसपास के इलाके में छापेमारी करते हुए करचा टोली से सीपीआई (एम) के हार्डकोर नक्सली ललिंद्र महतो उर्फ राजकुमार यादव को गिरफ्तार किया गया': सादिक अनवर रिजवी, एसपी