हजारीबाग की रामनवमी पर अमन-चैन की मिसाल, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने जताया आभार

हजारीबाग की ऐतिहासिक रामनवमी 2025 का आयोजन सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त नैन्सी सहाय और पुलिस अधीक्षक ने जिले की जनता, प्रशासनिक अमले और मीडिया का धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन और पुलिस विभाग के बेहतरीन समन्वय को मुख्य आधार बताया।
उपायुक्त नैन्सी सहाय ने कहा कि रामनवमी 2025 उनके लिए एक व्यक्तिगत चुनौती भी थी, क्योंकि यह उनका लगातार चौथा वर्ष था जब उन्होंने इस पर्व के आयोजन की ज़िम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि हजारीबाग की जनता ने अनुशासन और भाईचारे का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसके लिए वे दिल से आभारी हैं।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों, बिजली, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी लोगों को उनके सतत प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। मीडिया के योगदान की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मीडिया ने सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ आमजन तक पहुंचाया और प्रशासन का भरपूर साथ दिया।
पुलिस अधीक्षक ने भी रामनवमी के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की और कहा कि यह जिले के नागरिकों के अनुशासन और सहयोग से ही संभव हो सका। उन्होंने पुलिसकर्मियों और मीडिया के काम की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर शांति समिति, अखाड़ा समिति, महासमिति, सद्भावना समिति, संरक्षण समिति और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों के प्रति भी आभार प्रकट किया गया। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी समुदायों की एकजुटता और सहभागिता से यह आयोजन शांतिपूर्ण और गौरवशाली बना।
लगातार चार वर्षों का ऐतिहासिक योगदान
2022 से 2025 तक लगातार चार वर्षों तक रामनवमी का सफल आयोजन कराना उपायुक्त नैन्सी सहाय की प्रतिबद्धता, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। प्रशासनिक इतिहास में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जाएगी। यह उपलब्धि टीम वर्क, सकारात्मक दृष्टिकोण और लक्ष्य के प्रति समर्पण का सजीव उदाहरण है। यह दिखाता है कि जब नीयत नेक हो और प्रयास ईमानदार, तो कोई भी आयोजन यादगार बन सकता है।
कर्तव्यनिष्ठा केवल एक औपचारिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक ऐसा मूल्य है जो व्यक्ति और समाज, दोनों के लिए सफलता की नींव रखता है। हजारीबाग की यह रामनवमी इसी भावना की मिसाल बन गई है।