झारखंड में बढ़ेगी गर्मी की तपिश, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो शुक्रवार को आसमान साफ और वातावरण शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद राज्य के कई जिलों में गर्मी का असर और तेज़ होने की संभावना है। 10 मई से देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जैसे जिलों में तापमान में इजाफा देखा जाएगा।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि इन जिलों में कहीं-कहीं लू चल सकती है। 11 से 14 मई के बीच संथाल परगना के अन्य हिस्से भी लू की चपेट में आ सकते हैं। बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने 10 से 14 मई तक यलो अलर्ट घोषित किया है।
तापमान में होगी 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी
विभाग ने चेताया है कि आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। 14 मई तक गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा और साहिबगंज में लू चलने की आशंका है। इन परिस्थितियों में आम लोगों को तेज गर्मी और असहजता का अनुभव हो सकता है।

पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज़्यादा वर्षा पाटामदा (पूर्वी सिंहभूम) में 64.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं, गोड्डा में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस और गुमला में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।